देहरादून। उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से रेलवे बोर्ड ने टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस (15019/15020) की सेवा को साप्ताहिक से बढ़ाकर त्रि-साप्ताहिक करने की स्वीकृति प्रदान की है। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया है, जिससे प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने 8 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस विषय पर विस्तार से चर्चा की थी। मुख्यमंत्री के आग्रह पर रेल मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत अब 15019 देहरादून–टनकपुर एक्सप्रेस बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी, जबकि 15020 टनकपुर–देहरादून एक्सप्रेस मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।
रेल मंत्रालय ने कहा है कि यात्रियों की बढ़ती मांग और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मंत्रालय ने आदेश में सेवा विस्तार को तत्काल प्रभाव से लागू करने और संबंधित जोनों को यात्रियों को सूचित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने इस निर्णय के लिए रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टनकपुर–देहरादून रेल सेवा के विस्तार से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच संपर्क सुगम होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेल संपर्क को सुदृढ़ बनाने के ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। कई नई रेल परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, जिनसे राज्य के पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक रेल पहुंच सुनिश्चित होगी।















Leave a Reply