राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिवाली से पहले राज्य कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार लगभग 6 लाख कर्मचारियों को एड-हॉक बोनस देगी। इसे मुख्यमंत्री ने दिवाली का “विशेष उपहार” बताया है।
यह बोनस उन कर्मचारियों को मिलेगा जो पे लेवल L-12 या ग्रेड पे ₹4800 और उससे कम वेतन पर कार्यरत हैं। यानी यह फायदा बड़ी संख्या में निचले और मध्यम वर्ग के सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बोनस का लाभ सिर्फ राज्य सरकार के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंचायत समिति और जिला परिषद में कार्यरत कर्मचारियों को भी दिया जाएगा। इससे ग्रामीण स्तर तक के कर्मचारियों को भी राहत और प्रोत्साहन मिलेगा।
भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति संवेदनशील है और दिवाली के अवसर पर यह कदम उनके परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए उठाया गया है।
इस घोषणा से राज्यभर में सरकारी कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। माना जा रहा है कि इससे उत्सव के समय बाजारों में भी रौनक बढ़ेगी। वहीं, मुख्यमंत्री ने जयपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन से पहले तैयारियों का निरीक्षण भी किया, जहां अमित शाह नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे।















Leave a Reply