त्योहारी सीजन में जब पंजाब रोशनी और खुशियों से जगमगाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई राज्य को एक बार फिर अशांत करने की साजिश में जुट गई है। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, बॉर्डर पार से लगातार हथियार, आरडीएक्स और ग्रेनेड की खेपें भारत भेजी जा रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आईएसआई अब पंजाब में सक्रिय गैंगस्टर गिरोहों और खालिस्तान समर्थित आतंकियों के जरिए किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रही है। हाल ही में जब्त हुए हैंड ग्रेनेड, विस्फोटक और ऑटोमैटिक हथियारों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं और बढ़ा दी हैं।
इंटेलिजेंस इनपुट्स के बाद पंजाब पुलिस और बीएसएफ ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
पुलिस की करीब 50 कंपनियां राज्यभर में तैनात की गई हैं, जबकि सीमा की सुरक्षा के लिए बीएसएफ की सात अतिरिक्त कंपनियों ने मोर्चा संभाल लिया है। सीमा से सटे गुरदासपुर, पठानकोट, तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा बलों ने बॉर्डर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम भी सक्रिय कर दिया है ताकि पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी को रोका जा सके। पिछले दो महीनों में सीमा पार से आई कई संदिग्ध खेपों को जब्त किया गया है, जिनमें भारी मात्रा में विस्फोटक और गोला-बारूद मिला है।
दरअसल, पंजाब की 553 किलोमीटर लंबी सीमा पाकिस्तान से लगती है, जो मुख्य रूप से सतलुज और रावी नदी के किनारे फैली हुई है। हाल की बाढ़ के दौरान इन इलाकों में बीएसएफ की कई चौकियों को नुकसान पहुंचा, जिसका फायदा आतंकी नेटवर्क उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
दो दिन पहले ही काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर यूनिट ने आईएसआई समर्थित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। इस ऑपरेशन में बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े दो गुर्गों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 2.5 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद हुआ।
खुफिया अधिकारियों का मानना है कि यह पूरी साजिश भारत में त्योहारों के समय माहौल बिगाड़ने और सांप्रदायिक तनाव फैलाने के उद्देश्य से रची जा रही है। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से अब तक कई बड़ी घटनाओं को टाला जा चुका है।
पंजाब पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त मुहिम फिलहाल बॉर्डर बेल्ट में लगातार जारी है। सुरक्षा बलों ने लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ड्रोन मूवमेंट की सूचना तुरंत पुलिस या बीएसएफ को दें।
त्योहारी सीजन में पंजाब अब सुरक्षा के सबसे सख्त घेरे में है — क्योंकि देश की सीमाओं पर चौकसी ही आज सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई है।
















Leave a Reply