khabarhunt.in

खबर का शिकार

**रुद्रपुर में लव जिहाद विवाद: महिला एसआई के रवैये पर बवाल, हिंदूवादी संगठनों का कोतवाली में हंगामा,आरोपी पर दुष्कर्म का केस दर्ज

उत्तराखंड के रुद्रपुर में कथित लव जिहाद के एक मामले को लेकर शनिवार रात से रविवार तक भारी हंगामा हो गया। मामला तब बढ़ा जब इस केस की जांच कर रही महिला एसआई के रवैये से नाराज़ हिंदूवादी संगठन के लोग और युवती के परिजन कोतवाली पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।

दरअसल,छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक युवती पिछले दो महीने से रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में अपनी दादी के साथ रह रही थी और स्थानीय बैंक में काम कर रही थी। हाल ही में दादी की तबीयत बिगड़ने पर वह उन्हें दिल्ली से ट्रेन में बिठाने गई, लेकिन इसके बाद युवती लव जिहाद का शिकार हो गई और लापता हो गई।

करीब एक सप्ताह पहले युवती ने अपनी दादी को फोन करके मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही युवती के दादा-दादी और ताऊ रुद्रपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं से संपर्क किया, जिनकी मदद से पुलिस ने युवती को ढूंढ निकाला और मुक्त कराया।

इसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की, और केस की जांच महिला एसआई नेहा राणा को सौंपी गई। शनिवार को जब एसआई युवती को मेडिकल जांच के लिए ले गईं, तो परिजनों के अनुसार युवती अपने आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज़ों के साथ गई थी। लेकिन करीब तीन घंटे बाद लौटने पर उसका व्यवहार पूरी तरह बदल गया, जिससे परिजनों को शक हुआ कि कुछ गड़बड़ हुई है।

परिजनों का आरोप है कि जांच अधिकारी ने युवती को आरोपी युवक के साथ बैठाया और उसी दौरान किसी “साजिश” के तहत युवती के बयान बदलवाए गए। इस आरोप के बाद रात में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए और हंगामा करते हुए जांच अधिकारी को बदलने की मांग करने लगे।

रविवार सुबह भी प्रदर्शन जारी रहा। एसएसआई नवीन बुधानी ने प्रदर्शनकारियों से लंबी बातचीत की और भरोसा दिया कि जांच अधिकारी बदले जाएंगे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज की और जांच ट्रांजिट कैंप थाने की महिला एसआई नेहा ध्यानी को सौंप दी।

इस दौरान मौके पर विहिप के जिला मंत्री राजेंद्र मेहरा, नगर संयोजक योगेंद्र चौहान, धर्म प्रसार समिति के संयोजक सुल्तान सिंह,गौरक्षा विभाग के संयोजक हरीश यादव,बिट्टू शर्मा, अजय पाल, गौरव मिश्रा और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि हिंदूवादी संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर युवती को न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन को तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *