दिवाली और छठ पूजा नज़दीक आते ही उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ट्रेनों में टिकट की जबरदस्त मारामारी शुरू हो गई है। दिल्ली, मुंबई और गुजरात से चलने वाली ज्यादातर ट्रेनों में सभी सीटें फुल हो चुकी हैं, यहाँ तक कि वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं।
हर साल की तरह इस बार भी लाखों लोग अपने घर लौटने की तैयारी में हैं, लेकिन कन्फर्म टिकट पाना लगभग नामुमकिन हो गया है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 12,000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है, लेकिन भीड़ इतनी ज़्यादा है कि इनमें भी जगह मिलना मुश्किल हो गया है।
दिल्ली–पटना, मुंबई–दरभंगा और सूरत–मुजफ्फरपुर जैसे रूट्स पर चलने वाली लगभग सभी रेगुलर ट्रेनें इस पूरे महीने “नो रूम”दिखा रही हैं। यानी इनमें न सिर्फ कन्फर्म टिकट, बल्कि वेटिंग टिकट भी उपलब्ध नहीं है।
रेलवे की तरफ से चल रही स्पेशल ट्रेनों — जैसे दानापुर फेस्टिवल स्पेशल, पाटलिपुत्र फेस्टिवल स्पेशल, अमृत भारत एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस,आनंद विहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस और नई दिल्ली-सिलचर एक्सप्रेस — में भी 30 अक्टूबर तक सभी सीटें बुक हो चुकी हैं।
रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनें और कोच लगाने की तैयारी जारी है। हालांकि, फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय में टिकट पर भरोसा न करें, और यात्रा की योजना पहले से बना लें।















Leave a Reply