पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। बीते सोमवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। बारिश के चलते देहरादून में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। ठंडक बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिए हैं।
केदारनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी
सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे के बाद केदारनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हुई। धाम और आसपास की पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गईं। इस दौरान यात्रियों ने बर्फबारी का भरपूर आनंद लिया।
मौसम विभाग ने पहले ही 6 और 7 अक्टूबर को बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई थी।
रुद्रप्रयाग आपदा प्रबंधन विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गर्म कपड़े और जरूरी सामान साथ लेकर ही यात्रा पर निकलें।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे, और उससे पहले हुई यह पहली बर्फबारी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई है।
आज फिर बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी उत्तराखंड के ज्यादातर जिलों में बारिश जारी रह सकती है।
राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा और 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा, राज्यभर में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है।
देहरादून में बादल और हल्की बारिश की संभावना
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में तीव्र वर्षा और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। आज देहरादून का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ठंड ने दी दस्तक
बारिश और बर्फबारी के बाद पूरे राज्य में तापमान में तेजी से गिरावट आई है।
मैदानी इलाकों में भी लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम और ठंडा हो सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
















Leave a Reply