
उत्तराखंड, हरिद्वार: कनखल क्षेत्र में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात ‘पिल्ला गैंग’ के सरगना भानु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एलएलबी का छात्र होने के बावजूद भानु ने अपराध की राह पकड़ ली थी और हरिद्वार, देहरादून व सहारनपुर में हुई कई फायरिंग की वारदातों में उसका नाम सामने आ चुका है।
15 सितंबर को कनखल के जगजीतपुर इलाके में गैंग के सदस्यों ने जगह-जगह फायरिंग कर माहौल बिगाड़ दिया था। जूस विक्रेता मनोज कुमार की दुकान के बाहर भी गोलियां चलीं, लेकिन वह सुरक्षित बच गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर भानु भारद्वाज को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से लक्सर के भोगपुर गांव का निवासी है। पुलिस का कहना है कि भानु के खिलाफ कई आपराधिक मामलों में सबूत जुटाए जा रहे हैं।
कानून की पढ़ाई करने के बावजूद भानु ने अपराध को अपना रास्ता बना लिया। पुलिस के मुताबिक, वह न केवल गैंग के साथ अपराध करता था, बल्कि कानूनी प्रक्रियाओं, जमानत और पैरवी के तौर-तरीके भी खुद ही अपनाता था। इसी वजह से उसे गैंग का मास्टरमाइंड माना जाता है।
पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि भानु की गिरफ्तारी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों के मन में फैला डर कम होगा।













Leave a Reply