khabarhunt.in

खबर का शिकार

दिल्ली में ताज पैलेस और मैक्स अस्पतालों को मिली बम धमकी

नई दिल्ली में शनिवार को हड़कंप मच गया, जब ताज पैलेस होटल और मैक्स अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के अनुसार, मैक्स अस्पताल के कॉल सेंटर पर फोन कर दिल्ली-एनसीआर की कई शाखाओं में बम रखे जाने की सूचना दी गई, जबकि ताज पैलेस होटल को देर रात दो बजे ईमेल के जरिए धमकी मिली।

होटल स्टाफ ने सुबह ईमेल देख कर पुलिस को सूचना दी। तुरंत स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, कैट्स एम्बुलेंस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गए। होटल को खाली कराकर सभी मंज़िलों पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस ने इसे फर्जी अलर्ट करार दिया।

मैक्स अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक कॉल के बाद सभी शाखाओं में आपातकालीन प्रक्रियाओं के तहत अधिकारियों को सूचना दी गई और सतर्कता के साथ तलाशी ली गई। वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल और फोन कॉल करने वालों की पहचान करने में जुटी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *