khabarhunt.in

खबर का शिकार

ठाणे में तिरंगा रैली, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देशभक्ति का जोश

Tiranga rally in Thane patriotic fervour on the success of Operation Sindoor

ठाणे: पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद देशभर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा तिरंगा रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में, महाराष्ट्र के ठाणे में भी आज यानी 14 मई को एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इस रैली में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शामिल हुए। यह रैली भारतीय सेना के सम्मान में आयोजित की गई थी, जिसमें सैकड़ों शिवसेना कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। रैली के दौरान पूरे जोश और गर्व के साथ ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘छत्रपति शिवाजी महाराज की जय’ जैसे नारे गूंजते रहे। माहौल पूरी तरह से देशभक्ति से भर गया। एकनाथ शिंदे ने इस मौके पर भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना की तारीफ की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद: एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि,”पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाया था। इसका जवाब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए मजबूती से दिया। यह ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।” शिंदे ने आगे कहा,”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कहा है कि अगर वहां से गोली चलेगी, तो यहां से गोला चलेगा। ना खून का बदला खून से, और ना ही ईंट का जवाब ईंट से, भारत अब करारा जवाब देता है।” शिंदे ने पीएम मोदी को देशभक्त और राष्ट्रभक्त नेता बताते हुए कहा कि उनके मजबूत नेतृत्व में आज पूरा देश गर्व महसूस कर रहा है।

“देश को ऐसा प्रधानमंत्री पहले कभी नहीं मिला” – एकनाथ शिंदे

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा, “मैं भारत की तीनों सेनाओं – थल सेना, वायु सेना और नौसेना – के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने हमारे वीर जवानों का पूरा समर्थन किया और देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को सम्मान दिया।” उन्होंने आगे कहा,”ऐसा प्रधानमंत्री देश को पहले कभी नहीं मिला। ये अपने आप में बहुत बड़ी बात है। इसलिए मैं उन्हें देशभक्त और राष्ट्रभक्त प्रधानमंत्री कहकर धन्यवाद देता हूं।”

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में तिरंगा रैली निकाली

नागपुर: रविवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया। यह रैली ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में निकाली गई। राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि पूरे महाराष्ट्र में करीब 3,000 तिरंगा रैलियां आयोजित की जा रही हैं। इनका मकसद भारतीय सेना के साहस और देश की एकता का संदेश फैलाना है। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा चलाया गया सैन्य अभियान था। इस हमले में 26 भारतीय नागरिकों की जान गई थी, जिनमें से 6 लोग महाराष्ट्र से थे और बाकी ज़्यादातर पर्यटक थे। मुख्यमंत्री ने इस रैली के ज़रिए शहीदों को श्रद्धांजलि दी और देश की सेना को सलाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *