लखनऊ/उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब यहां संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का शाही परिवार करीब 4000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रहा है। यह इन्वेस्टमेंट मछली पालन (फिश फार्मिंग) के क्षेत्र में किया जाएगा, जिससे इलाके में रोजगार और विकास के नए रास्ते खुलेंगे। हाल ही में दुबई में यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने UAE के शाही परिवार के सदस्य और Aquabridge Holdings के चेयरमैन शेख अहमद बिन मना बिन खलीफा अल मकतूम से मुलाकात की। इस मीटिंग में यूपी सरकार की तरफ से उन्हें हर तरह के सहयोग का भरोसा दिया गया और उन्हें उत्तर प्रदेश आने का न्योता भी दिया गया। इस निवेश से उन्नाव ही नहीं, बल्कि आस-पास के जिलों को भी बड़ा फायदा मिलेगा।

उन्नाव में होगा मछली पालन का हब, 4000 करोड़ का निवेश बदल देगा तस्वीर
बताया जा रहा है कि उन्नाव इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में होने वाला ये बड़ा निवेश, उत्तर प्रदेश में मछली पालन के सेक्टर को जबरदस्त बढ़ावा देगा। यूएई के शाही परिवार की कंपनी करीब 4000 करोड़ रुपये की लागत से कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू करेगी। इनमें शामिल हैं, फिश हैचरी (मछली पालन केंद्र),फिश प्रोसेसिंग प्लांट (मछली प्रसंस्करण इकाई), सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (विशेष प्रशिक्षण और रिसर्च सेंटर), फिश फीड प्लांट (मछलियों का खाना बनाने की यूनिट)। यह सारा प्रोजेक्ट “यूपी एग्रीज प्रोजेक्ट” का हिस्सा होगा, जो राज्य में कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के लिए शुरू किया गया है। खास बात ये है कि इस मेगा प्रोजेक्ट को यूपी में लाने में विश्व बैंक (World Bank) ने भी अहम भूमिका निभाई है। इस निवेश से ना सिर्फ उन्नाव, बल्कि पूरे प्रदेश में रोज़गार, स्किल डेवलपमेंट और निर्यात के नए रास्ते खुल सकते हैं।

दुबई में मीटिंग्स कर लौटे यूपी के मुख्य सचिव, बोले- निवेश के लिए तैयार है उत्तर प्रदेश
8 मई को यूपी के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने दुबई में कई अहम बैठकें कीं। इन बैठकों का मकसद था, अंतरराष्ट्रीय निवेश, रणनीतिक साझेदारी और मत्स्य पालन (एक्वाकल्चर) के इकोसिस्टम को मज़बूत करना। इस दौरान उन्होंने दुनियाभर के निवेशकों को बताया कि उत्तर प्रदेश अब निवेश के लिए एक बेहतरीन और भरोसेमंद जगह बन चुका है। यूएई के शाही परिवार द्वारा मछली पालन में 4000 करोड़ रुपये के निवेश के ऐलान के बाद यह और भी साफ हो गया है कि अब उत्तर प्रदेश में फिश इंडस्ट्री को नई पहचान मिलेगी। इस प्रोजेक्ट से न केवल किसानों और मछुआरों को फायदा होगा, बल्कि प्रदेश में हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।















Leave a Reply