khabarhunt.in

खबर का शिकार

Lamborghini Car Accident: नोएडा में लैंबॉर्गिनी का कहर, डिवाइडर पर खड़े मजदूरों को रौंदा; लोगों ने रोका तो बोला- “कोई मर गया क्या?”

lamborghini car accident

दिल्ली से सटे नोएडा में एक हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां एक लैंबॉर्गिनी कार चालक ने डिवाइडर पर खड़े मजदूरों को रौंद दिया, जिसके परिणामस्वरूप दो मजदूर बुरी तरह से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने कार चालक को घेर लिया, लेकिन आरोपी कार चालक हंसते हुए वहां से निकलने की कोशिश करता रहा। उसने वहां खड़े लोगों से पूछा, “कोई मर गया क्या?” इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा नोएडा के सेक्टर 126 थाना क्षेत्र में स्थित चरखा गोलचक्कर, सेक्टर 94 के पास हुआ। घटना के समय कुछ मजदूर डिवाइडर पर खड़े थे। तभी कार चालक तेज गति से आता हुआ अपनी गाड़ी को अनियंत्रित कर डिवाइडर पर चढ़ा, जिससे वहां खड़े दो मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

एक मजदूर का पैर टूट गया, जबकि दूसरे को गंभीर चोटें आईं। यह दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ती है और मजदूरों को रौंद डालती है।

पुलिस ने घटना के बाद एक और वीडियो प्राप्त किया, जिसमें आरोपी कार चालक हंसते हुए नजर आ रहा है। जब लोग उसे गाड़ी से बाहर उतरने के लिए कहते हैं, तो वह जवाब में पूछता है, “कोई मर गया क्या?” इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी दीपक के रूप में की है। उसकी कार पांडिचेरी में पंजीकृत है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *