khabarhunt.in

खबर का शिकार

Delhi Budget 2025: आतिशी ने बीजेपी सरकार के पहले बजट पर बोला हमला, कहा- ये सिर्फ हवा हवाई

cm atishi

दिल्ली में नवगठित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने मंगलवार को अपना पहला बजट पेश किया। जहां बीजेपी ने बजट की तारीफ की, वहीं विपक्षी दल आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस पर निराशा जताई। दिल्ली की विपक्षी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने बीजेपी सरकार के बजट को ‘हवा हवाई’ करार दिया और इसे आधारहीन और अवास्तविक बताया।

आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने जानबूझकर दिल्ली का आर्थिक सर्वेक्षण बजट से पहले पेश नहीं किया। उन्होंने कहा, “बीजेपी की ‘विपदा’ सरकार ने दिल्ली को हवा-हवाई बजट दिया है। बजट में 1 लाख करोड़ के बजट का कोई आर्थिक आधार नहीं है, वरना आर्थिक सर्वे पेश नहीं करने की जरूरत क्यों पड़ती? मैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को चुनौती देती हूं कि वह आर्थिक सर्वे के आंकड़े सार्वजनिक करें। दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।”

Delhi Budget presentation
Delhi Budget presentation

आतिशी ने यह भी कहा कि अगर दिल्ली सरकार के पास वास्तव में 1 लाख करोड़ रुपये का राजस्व होता, तो मुख्यमंत्री आर्थिक सर्वे पेश करने में संकोच नहीं करतीं। उन्होंने इसे छिपाने का कारण यह बताया कि आंकड़े इस ‘खोखले’ बजट की सच्चाई को उजागर कर सकते थे।

बीजेपी के नेता भी मान रहे हवाहवाई

आतिशी ने बीजेपी पर शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरपालिका जैसी अहम सेवाओं के लिए आवंटन में कटौती करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की मंशा का पता चलता है, जो सार्वजनिक सेवाओं को कमजोर करना चाहती है।

X पर किए गए अपने एक पोस्ट में आतिशी ने कहा, “आज बीजेपी के नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा स्पीकर दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र में मौजूद थे। उन्होंने भी बयान दिया कि बिना आर्थिक सर्वे के बजट प्रस्तुत नहीं किया जा सकता। अब बीजेपी के नेता भी मान रहे हैं कि दिल्ली का बजट हवा हवाई है।”

शिक्षा पर बजट में 20 फीसदी से नीचे

आतिशी ने शिक्षा बजट में कमी का जिक्र करते हुए कहा, “10 सालों में पहली बार शिक्षा बजट 20 फीसदी से नीचे चला गया, जो सरकारी स्कूलों को खत्म करने के उनके एजेंडे को दर्शाता है। गरीबों के लिए मुफ्त इलाज की सेवाओं को खत्म करने की मंशा से स्वास्थ्य खर्च में भी कटौती की गई और इसमें 13 फीसदी की कमी कर दी गई।”

आतिशी ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के विकास पर ध्यान देने के बजाय अपना बजट भाषण आम आदमी पार्टी और इसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को निशाना बनाने में इस्तेमाल किया।

पिछले महीने दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद बीजेपी 26 साल बाद सत्ता में लौटी। आतिशी ने पिछले वित्त वर्ष (2024-25) के लिए 76,000 करोड़ रुपये के परिव्यय वाला बजट पेश किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *