उत्तर प्रदेश में बीजेपी के 8 साल पूरे होने के मौके पर गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मजाकिया अंदाज देखने को मिला। उन्होंने अभिनेता और सांसद रवि किशन से मजाक करते हुए कहा कि वह गोरखपुर में फिल्म की शूटिंग करें और विकास कार्यों के लिए गोरखपुर का ध्यान रखें।
रवि किशन के आइफा अवार्ड पर मजाकिया टिप्पणी
सीएम योगी ने कहा, “रवि किशन विकास कार्यों के बारे में लखनऊ आकर डेरा डाल लेते हैं। तब मैं उन्हें कहता हूं कि गोरखपुर में भी कुछ समय दीजिए और यहां फिल्मों में भी काम करिए। आप विकास की चिंता न करें, नतीजा यह है कि उन्हें आइफा अवॉर्ड भी मिल गया।” इसके बाद, उन्होंने श्रोताओं से पूछा, “क्या रवि किशन ने आइफा अवॉर्ड पर किसी को दावत दी थी?” श्रोताओं ने जवाब दिया, “नहीं,” तो सीएम योगी ने मजाक करते हुए कहा, “होली पर तो आप लोगों ने कुछ खाया ही होगा।” फिर, उन्होंने रवि किशन को उनके पुरस्कार के लिए बधाई दी और कहा कि कलाकार को उसकी साधना के लिए पुरस्कार मिलना चाहिए।
फिल्म सिटी के निर्माण की घोषणा

सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में एक फिल्म सिटी बनाई जा रही है, जहां देश और दुनिया की बेहतरीन फिल्में बनेंगी। इसके अलावा, उन्होंने रवि किशन से गोरखपुर में फिल्म की शूटिंग करने की अपील की और विधायकों और मेयर को भी उसमें शामिल करने की सलाह दी।
डबल इंजन सरकार ने बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने राज्य में सुशासन लाकर इसे एक नया दिशा दी है। उन्होंने बताया कि पहले के मुकाबले आज किसान आत्मनिर्भर हो रहे हैं, महिलाएं सशक्त हो रही हैं, और नौजवानों को रोजगार मिल रहा है। सरकार ने बड़ी विकास परियोजनाओं को जमीनी धरातल पर उतारने में सफलता हासिल की है।
सपा पर हमला: माफिया और अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी हमला बोला और कहा, “2017 से पहले यह प्रदेश दंगों और माफियाओं से घिरा हुआ था। पिछली सरकार ने हर जिले में माफिया को पनपने दिया था, जो वसूली, अवैध खनन और पशु तस्करी करते थे। हमने इन माफियाओं का सफाया किया और हर जिले में वन डिस्टिक वन मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की, जिससे प्रदेश की जनता के जीवन में बड़ा बदलाव आया।”














Leave a Reply