khabarhunt.in

खबर का शिकार

Chilla Elevated Road: नोएडा में चिल्ला एलिवेटेड रोड का काम शुरू, 296 पिलरों पर बनेगा 6 लेन का हाईवे

noida

चार साल बाद फिर शुरू हुआ निर्माण कार्य

नोएडा में चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य चार साल बाद मंगलवार से शुरू हो गया। सेतू निगम ने जनरल अरेंजमेंट ड्रॉइंग्स (जीएडी) के आधार पर परियोजना का काम शुरू कराया है। पहले पिल्लर के लिए पाइलिंग का कार्य होगा, जबकि ऊपर के निर्माण की ड्रॉइंग तैयार की जा रही है। आईआईटी से मंजूरी मिलने के बाद आगे का काम किया जाएगा।

296 पिलरों पर बनेगा छह लेन का एलिवेटेड रोड

यह एलिवेटेड रोड 296 पिलरों पर बनाया जाएगा। इससे पहले जून 2020 में जब इस परियोजना का काम शुरू हुआ था, तब 380 से ज्यादा पाइलिंग हो चुकी थी। हर पिलर में 12 से 22 पाइलिंग होती है, जिनके ऊपर पाइल कैप बनाया जाता है, जिस पर पिलर खड़ा किया जाता है।

तीन साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट

नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम सिविल विजय रावल ने मंगलवार को परियोजना की प्रगति को लेकर सेतू निगम से जानकारी ली। निगम ने बताया कि आईआईटी से डिजाइन पास होने की शर्त के साथ काम शुरू किया गया है। परियोजना के निर्माण के लिए तीन साल की समय सीमा तय की गई है।

2017 से लंबित है परियोजना

यह परियोजना 2017 से पहले की है, जिसका शिलान्यास 2019 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। जून 2020 में इसका काम शुरू हुआ, लेकिन 50% धनराशि न मिलने के कारण नवंबर 2021 में निर्माण कार्य रुक गया। प्राधिकरण ने 70 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी की थी। इसके बाद जून 2023 में परियोजना को कैबिनेट से मंजूरी मिली, लेकिन विभिन्न कारणों से काम शुरू नहीं हो सका। अब आखिरकार चार साल बाद इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *