दिल्ली-एनसीआर में बारिश से तापमान में गिरावट
दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में शनिवार, 15 मार्च को हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके बाद मौसम शुष्क हो गया। राजधानी दिल्ली में आज भी हल्की बारिश की संभावना है।
तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवाएं चलेंगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक था। शुक्रवार को दिल्ली का तापमान 36.2 डिग्री पहुंच गया था, जो अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।

यूपी में बदला मौसम, 16 मार्च को बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 मार्च को 45 से ज्यादा जिलों में बारिश हो सकती है। हालांकि, 17 मार्च को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। बिहार में मार्च में ही जून जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। शनिवार को खगड़िया में सबसे अधिक 39.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। रविवार को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
लू का अलर्ट: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और गुजरात में गर्मी का कहर
मौसम विभाग ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। कर्नाटक के हुबली के ऐनापुर गांव में शनिवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
हिमाचल में बर्फबारी और हिमस्खलन की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 24 घंटों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार तक राज्य में बर्फबारी और बारिश की संभावना है। चंबा जिले की पांगी घाटी में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हुआ है, सड़कें बंद होने से ग्रामीणों को बीमार लोगों को पालकी में अस्पताल ले जाना पड़ रहा है।
कश्मीर में हिमपात और बारिश जारी
कश्मीर के कई इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई, जबकि कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा के मैदानी इलाकों में हिमपात हुआ। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम में भी बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि ऊंचे इलाकों में हिमपात जारी रहेगा। सोमवार को सुबह हल्की बारिश हो सकती है और दोपहर तक मौसम में सुधार होने की संभावना है।













Leave a Reply