आतिशी ने लगाए पक्षपात के आरोप, स्पीकर ने बताया निराधार
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को एक स्मरण पत्र सौंपते हुए हाल ही में संपन्न सत्र के दौरान कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के साथ अन्यायपूर्ण और असंवैधानिक व्यवहार किया गया, जो संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
स्पीकर का जवाब: आरोप राजनीतिक प्रेरित

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये निराधार और राजनीतिक विचारों से प्रेरित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदन द्वारा निलंबित किए गए सदस्यों को बाहर रखने का निर्णय नियम 277 और विधानसभा परिसर की परिभाषा के तहत लिया गया था।
“मुझे आश्चर्य है कि आप माफी मांगने के बजाय आरोप लगा रही हैं”
गुप्ता ने कहा कि विपक्ष को सदन के नियमों की सही जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि फ्लोर टाइम दलों की संख्या और सदन में उनकी उपस्थिति के आधार पर दिया जाता है। चूंकि विपक्षी सदस्य निलंबन के कारण अनुपस्थित थे, इसलिए उन्हें कम समय मिला।
“सदन की कार्यवाही बाधित हुई, इसलिए हस्तक्षेप करना पड़ा”
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के फ्लोर टाइम को अन्य सदस्यों के समय में नहीं गिना जाता। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सदन में व्यवधान के समय उन्हें हस्तक्षेप करना पड़ा ताकि कार्यवाही सुचारू रूप से चल सके।
“बजट सत्र में विपक्ष को उचित समय मिलेगा”
बजट सत्र से पहले लिखे अपने पत्र में आतिशी ने मांग की है कि आम आदमी पार्टी के विधायकों को उनकी संख्या के अनुपात में पर्याप्त समय मिले। जवाब में गुप्ता ने आश्वासन दिया कि सदन को नियमों, संवैधानिक प्रावधानों और संसदीय परंपराओं के अनुसार संचालित किया जाएगा, लेकिन असंसदीय गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया।














Leave a Reply