ग्रेटर नोएडा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण, औरंगजेब पर कसा तंज
महाराणा प्रताप राष्ट्रनायक, उनके जीवन से मिलती है प्रेरणा – योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित NTPC में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप को राष्ट्रनायक बताते हुए कहा कि उनके जीवन से वर्तमान पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “राष्ट्रनायक का सम्मान होना चाहिए। जो लोग राष्ट्रनायक को सम्मान नहीं दे सकते, उनके व्यापक उपचार की जरूरत है।”
“सनातन को नष्ट करने वाला राष्ट्रनायक नहीं हो सकता”
सीएम योगी ने औरंगजेब पर निशाना साधते हुए कहा, “जिसने सनातन धर्म को नष्ट करने का कुत्सित प्रयास किया हो, जो भारत की सनातन प्रेरणा को रौंदने का प्रयास करता रहा हो, वह राष्ट्रनायक नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने कभी अकबर की अधीनता स्वीकार नहीं की और उसे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। उनका जीवन सदा प्रेरणा देता रहेगा, यहां तक कि उनका घोड़ा चेतक भी एक नई प्रेरणा छोड़कर गया है।
“भारत की संस्कृति को नहीं जानते कुछ लोग”
सीएम योगी ने कहा कि, “भारत में कुछ ऐसे लोग मौजूद हैं जो अपनी संकीर्ण सोच के कारण भारत के इतिहास और संस्कृति को नहीं समझ पाते।” उन्होंने महाकुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि महाकुंभ भारतीय संस्कृति की पहचान है और इसे हर व्यक्ति को अपनाना चाहिए।
“जल्द ही होगा जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन”
सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ है और राज्य में तेजी से निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर में बनने के लिए तैयार है और इसका उद्घाटन जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
“गौतमबुद्ध नगर बना निवेश का हब”
सीएम योगी ने गौतमबुद्ध नगर में Microsoft Noida Campus का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि आईटी सेक्टर के एक नए युग की शुरुआत हो चुकी है और उत्तर प्रदेश अब निवेश के लिए सबसे बेहतरीन स्थान बनकर उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि 1500 करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। इसके अलावा, टाटा सेंटर का भी उद्घाटन किया गया है, जिससे नोएडा और उत्तर भारत में विकास को और गति मिलेगी।















Leave a Reply