khabarhunt.in

खबर का शिकार

Mahakumbh Revenue: CM योगी ने मंच से ली रवि किशन की चुटकी, कहा – ‘केले के रेशे के बाल लगाएं, फिर निभाएं किरदार’

up cm yogi adityanath

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 2500 लाभार्थियों को मिला 100 करोड़ का लोन

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत गोरखपुर और बस्ती मंडल के 2500 लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। साथ ही, ओडीओपी योजना के अंतर्गत 2,100 प्रशिक्षणार्थियों को टूलकिट भी दी गई।

रवि किशन पर CM योगी का मज़ाक – ‘केले के रेशे के बाल लगाइए और किरदार निभाइए’

जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर मौजूद सांसद और अभिनेता रवि किशन की मजाकिया अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने कहा कि केले से अब चिप्स, जूस और आर्टिफिशियल बाल भी बनाए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने रवि किशन से कहा – ‘काहे परेशान हैं? केले के रेशे से बने बाल लगाइए और अलग-अलग किरदार निभाइए।’

उन्होंने आगे कहा कि अगर कभी रवि किशन को कालीबाड़ी वाले बाबा का किरदार निभाना पड़े, तो उन्हें बालों की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि केले के रेशे से बने आर्टिफिशियल बाल से यह काम हो जाएगा। मुख्यमंत्री के इस हल्के-फुल्के मजाक पर मंच और सभा में मौजूद लोग हंस पड़े।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि कई युवा अपना खुद का रोजगार शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पूंजी के अभाव में वे आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे ही युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार एक साल में 1 लाख नए उद्यमी तैयार करेगी। पहले बैंकों से लोन लेना मुश्किल होता था, लेकिन अब 25 हजार लोगों को लोन स्वीकृत किया जा चुका है और 10 हजार लोगों में वितरित भी किया गया है।

प्रयागराज महाकुंभ में 3,500 करोड़ की कमाई

सीएम योगी ने प्रयागराज महाकुंभ की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि वहां 750 करोड़ रुपये का निवेश किया गया और 3,500 करोड़ रुपये की कमाई हुई। एक नाविक ने ही महाकुंभ में 30 करोड़ रुपये की कमाई की। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि अगर वे पूरी ईमानदारी और लगन से काम करेंगे, तो सफलता जरूर मिलेगी।

MSME और ODOP से बढ़ा उत्तर प्रदेश का व्यापार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 जनवरी 2018 को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना लागू की गई थी, जिससे उत्तर प्रदेश में 96 लाख MSME उद्योग स्थापित हुए, जो रोजगार देने का बड़ा माध्यम बने हैं। उन्होंने बताया कि यूपी का एक्सपोर्ट लगातार बढ़ रहा है और सरकार विश्वकर्मा सम्मान योजना के तहत टूल किट भी वितरित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *