महिला दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में महिलाओं को विशेष ‘VIP’ प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। 8 मार्च को महिलाओं को सुगम दर्शन कराने के लिए गेट नंबर 4B को उनके लिए आरक्षित किया गया है। यह गेट पूरे दिन महिलाओं के लिए खुला रहेगा, जिससे वे बिना किसी अवरोध के मंदिर में प्रवेश कर सकेंगी। यह पहल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन द्वारा महिला श्रद्धालुओं को सम्मान देने और महिला दिवस को विशेष बनाने के लिए की गई है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि सनातन संस्कृति में मातृशक्ति को देवी के रूप में पूजा जाता है और इस परंपरा के अनुसार ही महिलाओं के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है। प्रशासन का कहना है कि दुनिया में केवल सनातन संस्कृति ही ऐसी है, जहां मातृशक्ति की आराधना देवी स्वरूप में की जाती है। इसी भावना को सम्मान देते हुए यह निर्णय लिया गया है कि 8 मार्च को महिलाएं अपने बच्चों के साथ गेट नंबर 4B से सीधे प्रवेश कर बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगी।

श्री काशी विश्वनाथ धाम में यह विशेष आयोजन शक्ति और भक्ति के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि इस पावन धाम में बाबा विश्वनाथ के साथ-साथ मां अन्नपूर्णा भी विराजमान हैं। इस पहल के साथ एक अन्य अनूठा आयोजन भी हो रहा है, जिसमें रंगभरी एकादशी से पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम से भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा में विराजमान लड्डू गोपाल को उपहार भेजे जाएंगे। बदले में, श्रीकृष्ण जन्मस्थान से भगवान लड्डू गोपाल द्वारा श्री विश्वेश्वर महादेव को भेंट सामग्री भेजी जाएगी।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा और श्रीकृष्ण जन्मस्थान मथुरा के सचिव कपिल शर्मा व गोपेश्वर चतुर्वेदी के बीच समन्वय किया गया है। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान से बाबा विश्वनाथ को अबीर-गुलाल, रंग आदि अर्पित किए जाएंगे, जबकि श्री काशी विश्वनाथ धाम से भगवान लड्डू गोपाल के लिए भस्म, अबीर-गुलाल, वस्त्र और चॉकलेट आदि भेजी जाएंगी।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि श्रीकृष्ण और शिव भक्ति की दो प्रमुख सनातन धाराओं को जोड़ने वाला यह आयोजन सनातन परंपराओं को और अधिक समृद्ध करेगा। काशी और मथुरा, दोनों ही मोक्षदायिनी नगरी हैं और इन तीर्थ स्थलों के बीच समन्वय और श्रद्धा का यह आदान-प्रदान एक अभिनव पहल है। इसे इस वर्ष के रंगभरी एकादशी और होली पर्व के उत्सव में शामिल किया जाएगा।














Leave a Reply