khabarhunt.in

खबर का शिकार

Yamuna Safai Abhiyan: यमुना सफाई को लेकर मंत्री प्रवेश वर्मा का बड़ा बयान

parvesh verma bjp

पिछली सरकार ने नहीं किया कोई काम, बीजेपी सरकार कर रही ठोस प्रयास

दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने बुधवार को यमुना घाट का निरीक्षण किया और इस दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्व सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सरकार ने कभी यमुना की सफाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। उनके कार्यकाल में यमुना को साफ करने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए गए।

यमुना की सफाई को लेकर BJP सरकार का संकल्प

मंत्री वर्मा ने बताया कि बीजेपी सरकार यमुना में गिरने वाले 18 बड़े नालों की सफाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यमुना में मौजूद रासायनिक कचरे (केमिकल वेस्ट) को हटाने और यमुना फ्रंट रिवर बनाने पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष योजना के तहत इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार के पास पर्याप्त बजट और संसाधन हैं, जिससे यमुना की सफाई जल्द ही दिखाई देने लगेगी। उन्होंने बताया कि अब तक कई टन कचरा यमुना से हटाया जा चुका है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मंत्री प्रवेश वर्मा ने यह भी कहा कि दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना में फेरी सेवा शुरू करने की योजना पर काम हो रहा है। इसमें एक निश्चित स्थान से पिकअप और ड्रॉप की सुविधा होगी। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे यमुना को स्वच्छ बनाने में सरकार का सहयोग करें। इस अभियान में कई विभागों की भागीदारी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार की जरूरत थी और इसका लाभ अब जनता को मिलने लगा है।

केजरीवाल सरकार पर घोटालों के आरोप

मंत्री वर्मा ने केजरीवाल सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कई बड़े घोटाले हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक-एक प्रोजेक्ट में हजारों करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई। जिन योजनाओं को छह महीने में पूरा होना चाहिए था, उन्हें सालों तक लटकाए रखा गया।

केजरीवाल के राज्यसभा जाने पर प्रतिक्रिया

अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने की अटकलों पर प्रवेश वर्मा ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने पहले ही कहा था कि दिल्ली में हार के बाद केजरीवाल पंजाब भाग जाएंगे। अब वह अपनी पंजाब सरकार को बचाने के लिए सक्रिय हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि वे राज्यसभा सांसद बनते हैं या पंजाब के मुख्यमंत्री बने रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *