उत्तर प्रदेश के वृंदावन में कथित हिंदूवादी संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि ब्रज क्षेत्र में होली के आयोजनों में मुसलमानों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए। बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय ने इस मांग की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे लोग भगवान श्रीकृष्ण के सच्चे अनुयायी नहीं हो सकते। उन्होंने भाजपा पर सत्ता के लिए हिंदू-मुसलमानों को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान धर्म और जाति के आधार पर किसी को किसी कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने की इजाजत नहीं देता और इस मांग की भर्त्सना की।
धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि हाल ही में बरेली में मुस्लिम समाज के कुछ लोगों द्वारा धमकाने की घटनाएं सामने आई थीं। इसी कारण संघ ने निर्णय लिया कि मथुरा, वृंदावन, नंदगांव, बरसाना, गोकुल और दाऊजी में होने वाले होली समारोहों में मुस्लिम समाज के लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम नहीं चाहते कि मुस्लिम समाज के लोग होली के दौरान व्यापार करें या भीड़ में शामिल होकर हुड़दंग मचाएं।

संगठन के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि जैसे गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में गरबा से जिहादियों और अलगाववादियों को दूर रखा गया, वैसे ही ब्रज की होली से भी उन्हें दूर रखा जाए। उन्होंने कहा कि जब उन्हें रंग-गुलाल से ऐतराज है, तो उनकी यहां जरूरत ही क्या है? हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर मुस्लिम समाज हिंदू समाज को लिखित आश्वासन दे, तो उन्हें शामिल होने दिया जा सकता है।
शाही ईदगाह इंतजामिया कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने इन बयानों को भेदभाव फैलाने वाला बताया और कहा कि ब्रज में होली प्यार और सौहार्द का पर्व है। उन्होंने कहा कि ब्रज में महाकवि रसखान और ताज बीबी जैसे कृष्ण भक्तों के उदाहरण दिए जाते हैं और यहां कभी किसी को शिकायत नहीं हुई। उन्होंने महाकुंभ के दौरान मुस्लिम समाज द्वारा श्रद्धालुओं को अपने धर्मस्थलों पर आश्रय देने और भोजन की व्यवस्था करने का उदाहरण देते हुए कहा कि होली भी इसी शांति और सौहार्द के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह धर्म रक्षा संघ का निजी बयान हो सकता है, लेकिन सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।














Leave a Reply