khabarhunt.in

खबर का शिकार

Delhi Politics  Demand Change Of Name: दिल्ली में नाम बदलने की सियासत तेज, कई इलाकों के नाम बदलने की मांग

Najafgarh Nahargarh

दिल्ली में राजनीतिक बदलाव के साथ इलाकों के नाम बदलने की मांग भी तेज हो गई है। दिल्ली विधानसभा में गुरुवार को कई विधायकों ने अपने क्षेत्रों के नाम बदलने की सिफारिश की।

नजफगढ़ से विधायक नीलम पहलवान ने विधानसभा में अपने क्षेत्र का नाम बदलने की सिफारिश की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपने पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि दें। उनका मानना है कि क्षेत्र का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने से राजा नागरसिंह जी को उचित सम्मान मिलेगा।

नीलम पहलवान के अनुसार, मुगलकाल में नजफ खान को इस इलाके का सूबेदार बनाया गया था, जिसके बाद इसे नजफगढ़ कहा जाने लगा। उन्होंने बताया कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में राजा नागरसिंह जी ने अंग्रेजों के खिलाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस योगदान को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र का नाम बदलने की मांग की जा रही है।

आरके पुरम से विधायक अनिल शर्मा ने अपने क्षेत्र मोहम्मदपुर का नाम बदलकर माधोपुरम करने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मांग लंबे समय से स्थानीय लोग कर रहे हैं।

अनिल शर्मा ने बताया कि दिल्ली नगर निगम पहले ही इस नाम परिवर्तन की अनुशंसा कर चुका है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं है, बल्कि जनता की भावनाओं से जुड़ा विषय है।

दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और मुस्तफाबाद से विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने स्पष्ट किया कि जल्द ही मुस्तफाबाद का नाम बदलकर शिव विहार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुस्तफाबाद में एक क्षेत्र ‘मुस्तफा’ के नाम से जाना जाता है, जिसका नाम नहीं बदला जाएगा, लेकिन पूरी विधानसभा सीट का नाम शिव विहार करने की योजना है।

दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि नीलम पहलवान पहले भी इस मांग को लेकर उनसे चर्चा कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मांग का समर्थन करते हैं और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *