नाविकों को मिलेगा नाव के लिए धन और 5 लाख का बीमा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के सफल समापन के बाद नाविकों के योगदान की सराहना की और उनके लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि नाविकों को सरकार विशेष सुविधाएं देगी, जिसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा। सरकार न सिर्फ नाव के लिए आर्थिक सहायता देगी, बल्कि नाविकों को 5 लाख रुपए तक का बीमा कवर भी प्रदान करेगी।
महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने किया स्नान
13 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान प्रशासन ने कुंभ के सफल आयोजन के लिए अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाईं। समापन के बाद मुख्यमंत्री ने महाकुंभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और नाविकों के योगदान को विशेष रूप से सराहा।

नाविकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
त्रिवेणी संकुल में नाविकों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पूरा परिसर “भारत माता की जय”, “गंगा मैया की जय” और “हर-हर गंगे” के नारों से गूंज उठा। सीएम योगी ने कहा कि जिस प्रकार त्रेता युग में निषादराज ने भगवान श्रीराम को गंगा पार कराई थी, उसी परंपरा को आज के नाविक भी निभा रहे हैं।
रजिस्ट्रेशन पर मिलेगी विशेष सुविधाएं और ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निषाद समाज और नाविकों के कल्याण के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कोष से एक योजना के तहत नाविकों को नाव दी जाएगी, जिसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इस रजिस्ट्रेशन के बाद न केवल नाव के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये का बीमा कवर भी उपलब्ध होगा। इसके अलावा, नाव संचालन से जुड़े लोगों को विशेष सुविधाएं और प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।















Leave a Reply