आम आदमी पार्टी का आरोप: बाबा साहब से बड़े हैं पीएम मोदी?
आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दिल्ली विधानसभा के बाद अब दिल्ली सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से भी डॉ. भीमराव आंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गई हैं। इस पर AAP ने कड़ी आपत्ति जताते हुए BJP की आलोचना की है।
BJP पर भड़की आतिशी, पूछा- क्या मोदी बाबा साहब से बड़े हैं?
दिल्ली की पूर्व मंत्री और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, “बीजेपी ने सोमवार को अपना असली चेहरा दिखा दिया। दिल्ली सरकार के विधानसभा और सचिवालय में मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रियों के कार्यालय से बाबा साहब और भगत सिंह की तस्वीर हटाकर पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगा दी गई है।”
उन्होंने सवाल उठाया, “क्या बीजेपी को लगता है कि नरेंद्र मोदी, बाबा साहब से बड़े हैं? क्या नरेंद्र मोदी, बाबा साहब की जगह ले सकते हैं?” आतिशी ने गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने संसद में बाबा साहब का मजाक उड़ाया था।
मंजिंदर सिरसा और कपिल मिश्रा को देना होगा जवाब
AAP नेता ने बीजेपी नेताओं से जवाब मांगते हुए कहा, “मंजिंदर सिंह सिरसा के कार्यालय से बाबा साहब और शहीद भगत सिंह की तस्वीर हटाकर पीएम मोदी की तस्वीर क्यों लगाई गई? दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय में बाबा साहब की तस्वीर हटाकर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर क्यों लगाई गई?”

AAP का ऐलान- ‘हम बार-बार आंबेडकर-आंबेडकर बोलेंगे’
आतिशी ने साफ कहा कि बाबा साहब ने संविधान के जरिए दलितों, महिलाओं और दबे-कुचले वर्गों को अधिकार दिए हैं और BJP की इस हरकत से उनका दलित और सिख विरोधी चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने ऐलान किया, “हमें संविधान ने अधिकार दिया है, इसलिए हम बार-बार आंबेडकर-आंबेडकर बोलेंगे।”












Leave a Reply