देशभर में मौसम लगातार बदल रहा है, जिससे कभी गर्मी तो कभी हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में बारिश की संभावना
दिल्ली-NCR में 19 और 20 फरवरी को बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 27-29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सुबह के समय स्मॉग और धुंध बनी रह सकती है, जबकि दोपहर और रात के समय हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी मौसम लगातार बदल रहा है। 20 फरवरी को राज्य में बारिश होने की संभावना है। इस समय दिन में तेज धूप और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में भी यह सिलसिला जारी रह सकता है।
राजस्थान में बादल और हल्की बारिश
राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। 18 फरवरी को जयपुर सहित कई इलाकों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 19 फरवरी को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है।
बिहार में तापमान में वृद्धि
बिहार में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान औसतन 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन 23 और 24 फरवरी को बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड में आज बादल छाए रहने की संभावना है और रात के समय हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में 20 फरवरी को कई जगहों पर बर्फबारी होने की संभावना है। इस समय घाटी में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।













Leave a Reply