Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से ठंड का असर कम होता नजर आ रहा है और तापमान धीरे-धीरे ऊपर चढ़ रहा है। हालांकि पहाड़ी इलाकों से चलने वाली ठंडी हवाएं अभी भी सुबह-शाम सिहरन बनाए हुए हैं। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग एक डिग्री अधिक दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा और फिलहाल अगले चार दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं बीते दिन अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से 8 फरवरी के बाद तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) अब भी 200 के पार बना हुआ है, जो प्रदूषण के मध्यम से खराब स्तर को दर्शाता है।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों का AQI स्तर:
अलीपुर – 200
आनंद विहार – 264
अशोक विहार – 249
बवाना – 263
बुराड़ी – 206
चांदनी चौक – 232
जहांगीरपुरी – 280
लोधी रोड – 148
मंदिर मार्ग – 158
यूपी और बिहार का मौसम अपडेट:
उत्तर प्रदेश में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। शीतलहर के कारण सुबह-शाम ठंडक बनी रहेगी, लेकिन दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिल सकती है। आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं और फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
बिहार में पछुआ हवाओं के चलते ठंड का असर बना रहेगा, हालांकि दिन के समय तेज धूप मौसम को सुहावना बनाए रखेगी। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है। 12 फरवरी के बाद तापमान बढ़ने की उम्मीद है।
हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी:
पहाड़ी राज्यों के लिए मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले 48 घंटों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 7 फरवरी और 9 से 11 फरवरी के बीच इन क्षेत्रों में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।













Leave a Reply