Uttarakhand Budget Benefits: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में अपना नौवां बजट पेश करते हुए पर्वतीय राज्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने की घोषणा की। इस बजट से उत्तराखंड को पर्यटन और मेडिकल टूरिज्म के क्षेत्र में खास लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। सरकार ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर सहित कई पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यावरण के अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना का ऐलान किया है।
इन ट्रेल्स के निर्माण से राज्य में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। खासतौर पर ट्रेकिंग और बाइकिंग जैसी गतिविधियों को नई गति मिलेगी, जिससे देश-विदेश से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इससे स्थानीय रोजगार और छोटे व्यवसायों को भी फायदा पहुंचेगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बजट में बड़े कदम उठाए गए हैं। मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के लिए देशभर में पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब स्थापित किए जाएंगे, जिनमें निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इन हब में आधुनिक हेल्थकेयर सुविधाओं के साथ आयुष केंद्र, डायग्नोस्टिक सेवाएं, पोस्ट-केयर और पुनर्वास केंद्र विकसित किए जाएंगे। इससे न सिर्फ मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सरकार ने आयुर्वेद और योग जैसी पारंपरिक पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की घोषणा भी की है। उत्तराखंड, जो योग और आयुर्वेद की मजबूत पहचान रखता है, को इसका सीधा लाभ मिल सकता है। राज्य में पहले से प्रस्तावित आयुर्वेद संस्थान की योजना को भी गति मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, प्रदेश को बुनियादी ढांचे, जल विद्युत परियोजनाओं और लघु उद्योगों के लिए बड़े पैकेज की उम्मीद थी, लेकिन बजट में इन क्षेत्रों में अपेक्षित घोषणाएं नहीं हो सकीं।















Leave a Reply