Delhi NCR Weather: राजधानी दिल्ली में सर्द मौसम के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। कई इलाकों में स्मॉग की घनी परत छाई रही, जिससे विजिबिलिटी पर खासा असर पड़ा। अक्षरधाम क्षेत्र में धुंध इतनी घनी रही कि दूर तक देख पाना मुश्किल हो गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 327 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
दूसरी ओर ग्रेटर नोएडा के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। हालात ऐसे रहे कि दृश्यता लगभग शून्य हो गई, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए आने वाले दिनों में मौसम के बदलने के संकेत दिए हैं। अनुमान है कि सप्ताहांत के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। यह बदलाव हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बताया जा रहा है।

विभाग के अनुसार 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच इस सिस्टम का असर पश्चिमी हिमालय के साथ दिल्ली-एनसीआर पर भी पड़ेगा, जिससे अगले तीन दिनों तक बारिश होने की संभावना है। पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं और वर्षा से प्रदूषण में कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शुक्रवार शाम से बूंदाबांदी शुरू हो सकती है, जबकि रविवार को रुक-रुक कर बारिश देखने को मिलेगी। बीते दिनों तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से घटकर करीब 7.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।
इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव रहेगा, जबकि रात में ठंड का असर बना रह सकता है। शनिवार को अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम 6 से 8 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि रविवार को अधिकतम 17 से 19 डिग्री और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री के बीच रह सकता है। सोमवार सुबह भी हल्की बारिश के आसार हैं और 3 फरवरी से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
आगे भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है, क्योंकि फरवरी की शुरुआत में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इस सर्दी के मौसम में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री दर्ज किया जा चुका है। वहीं जनवरी के अंत तक सामान्य से अधिक बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।














Leave a Reply