khabarhunt.in

खबर का शिकार

Gold Price Hike: महंगे सोने-चांदी ने बढ़ाई बेटियों की शादी की चिंता, पुराने गहने पिघलाने को मजबूर परिवार

Gold Price Hike

Gold Price Hike: सोने और चांदी की कीमतों में आई तेज उछाल ने शादी वाले घरों का बजट बिगाड़ दिया है। बेटियों की शादी के लिए सालों से बचत कर रहे माता-पिता के सपनों पर महंगाई ने बड़ा असर डाला है। हाल यह है कि लोग दाम कम होने का इंतजार करते हैं, लेकिन हर दिन कीमतें और ऊपर चली जाती हैं। मजबूरी में कई परिवार अपनी पत्नी और मां के पुराने गहनों को पिघलाकर बेटियों के लिए नए आभूषण तैयार करवा रहे हैं।

कीमतों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी से सराफा बाजार में खरीदारों की कमी साफ दिख रही है। कारोबार ठहर सा गया है और दुकानों पर सन्नाटा पसरा है। एक ही झटके में सोना करीब 16 हजार रुपये और चांदी 32 हजार रुपये से ज्यादा महंगी होने से आम ग्राहक बाजार से दूरी बना रहे हैं। फिलहाल केवल सीमित बुलियन निवेशक ही खरीदारी कर रहे हैं, जबकि छोटे ज्वेलर्स की बिक्री लगभग ठप है।

Gold Price Hike

चिनहट निवासी संतोष गुप्ता ने बताया कि उनके लिए यह दोहरी परेशानी है। एक ओर खुद का सराफा व्यवसाय है और दूसरी तरफ बेटी की शादी। ग्राहक नहीं आ रहे, जिससे आमदनी रुक गई है। ऐसे में घर के पुराने गहनों को गलाकर नए जेवर बनवाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस स्थिति पर ध्यान देने की अपील की।

सर्वोदय नगर के आलोक जैन का कहना है कि मौजूदा दामों ने मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। छोटी-सी पायल भी हजारों रुपये में मिल रही है और पहले जो गहने दो लाख में आते थे, अब चार लाख तक पहुंच गए हैं। शादी का पूरा बजट सिर्फ आभूषणों में ही खर्च हो रहा है।

वहीं अनिल राज गुप्ता बताते हैं कि पहले जहां 10 ग्राम सोना खरीदा जाता था, अब लोग 4 ग्राम में ही संतोष कर रहे हैं। परंपरा निभाना जरूरी है, इसलिए समझौता करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ गहने पहले खरीद लिए थे, इसलिए आज के बढ़े हुए दामों से थोड़ी राहत महसूस होती है, वरना मौजूदा हालात में सोना खरीदना बेहद कठिन है।

हाल के दिनों में सोने-चांदी के दाम (रुपये में):
24 जनवरी – सोना 1,64,500 | चांदी 3,50,000
26 जनवरी – सोना 1,69,500 | चांदी 3,70,000
27 जनवरी – सोना 1,65,500 | चांदी 3,60,000
28 जनवरी – सोना 1,72,000 | चांदी 3,78,000
29 जनवरी – सोना 1,88,000 | चांदी 4,10,000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *