हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या का मामला अब राज्य की राजनीति और प्रशासन दोनों को हिला रहा है। घटना के बाद से आईएएस पत्नी अमनीत पी. कुमार के आरोपों ने पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। उन्होंने अपने पति की मौत को “सुनियोजित साजिश” बताया है और राज्य के डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर तथा रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस संवेदनशील मामले में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खुद दखल दिया है। माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही कोई बड़ा फैसला ले सकती है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर को छुट्टी पर भेजने और उनके खिलाफ जांच के आदेश जारी करने की तैयारी चल रही है। यह कदम राज्य सरकार शाम तक उठा सकती है।
बता दें कि आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार ने आज सुबह मुख्यमंत्री सैनी से मुलाकात की। लगभग एक घंटे चली इस बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री को 12 पन्नों की शिकायत सौंपी और मांग की कि जिन अधिकारियों के नाम सुसाइड नोट में हैं, उन्हें तुरंत सस्पेंड कर जांच शुरू की जाए।
उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि डीजीपी कपूर और एसपी बिजारनिया ने उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जातिगत भेदभाव किया**, और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया। साथ ही, उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।
यह मामला अब सिर्फ एक आत्महत्या नहीं, बल्कि हरियाणा पुलिस की अंदरूनी राजनीति और सत्ता के दबावों का बड़ा मुद्दा बन गया है। राज्य सरकार की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।















Leave a Reply