khabarhunt.in

खबर का शिकार

“हरियाणा की मुर्राह भैंस ने बनाया रिकॉर्ड — एक दिन में 22.75 किलो दूध देकर जीता ₹30,000 का इनाम”

हरियाणा के सिरसा जिले के गांव मल्लेकां से एक प्रेरणादायक खबर आई है। यहां के किसान जगसीर सिंह की मुर्राह नस्ल की भैंस ने अपनी असाधारण दुग्ध उत्पादन क्षमता से सबको हैरान कर दिया है। इस भैंस ने एक ही दिन में 22.750 किलोग्राम दूध देकर नया रिकॉर्ड बनाया, जिसके लिए मालिक को ₹30,000 का पुरस्कार प्रदान किया गया है।

यह मापन पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग, सिरसा की देखरेख में किया गया। विभाग के उपनिदेशक डॉ. सुखविंदर सिंह चौहान और एसडीओ डॉ. अक्षय कुमार के निर्देश पर गांव मल्लेकां के पशु चिकित्सक डॉ. रवि कुमार घोटड़ और गांव माधोसिंघाना के पशु चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार ने इस भैंस की लगातार तीन दिन तक दुग्ध क्षमता का परीक्षण किया। परीक्षण के नतीजों के आधार पर भैंस को विजेता घोषित किया गया।

डॉ. रवि कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार राज्य में दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं के तहत पशुपालकों को बेहतर नस्लों के पालन और अधिक उत्पादन के लिए प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

वहीं डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत भैंसों में मुर्राह नस्ल और गायों में हरियाणा व साहीवाल नस्ल को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसके लिए पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता तीन दिनों तक नापी जाती है और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पशुओं को पुरस्कृत किया जाता है।

पुरस्कार वितरण के मौके पर वीएलडी गौरव टोकसिया,सुरेश कुमार,मनप्रीत,मुकेश कुमार और राजेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

यह उपलब्धि न केवल किसान जगसीर सिंह के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह दिखाती है कि अगर सही देखभाल और सरकारी सहयोग मिले, तो हरियाणा का पशुपालन क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छू सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *