दीपावली से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य कर्मियों को बोनस देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और योगदान के प्रति सरकार की सराहना का प्रतीक है।
वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को उत्पादकता असम्बद्ध बोनस दिया जाएगा। यह बोनस मासिक वेतन की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिनों की परिलब्धियों के रूप में ₹6,908 तय किया गया है। योगी सरकार का कहना है कि दीपावली से पहले यह राशि कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए खुशियों और उत्साह का संचार करेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी पात्र कर्मचारियों को बोनस समय पर भुगतान किया जाए, ताकि हर परिवार त्योहार को उल्लासपूर्वक मना सके।
सरकार के मुताबिक, इस निर्णय से लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इससे राज्य सरकार पर कुल ₹1,022 करोड़ रुपये का व्ययभार आएगा।
वित्त विभाग के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि बोनस पाने वालों में वे सभी पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारी शामिल हैं जिनका वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600 से ₹1,51,100) या उससे नीचे है। यानी जिनक ग्रेड पे ₹4,800 तक है।
इस दायरे में —
* राज्य सरकार के नियमित कर्मचारी,
* राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण व प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कार्मिक,
* स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारी,
* तथा राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी
— सभी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्रगति में कर्मचारियों की भूमिका अहम है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि हाल ही में भारत सरकार ने भी 29 सितंबर 2025 को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 का बोनस घोषित किया था, जिसके बाद अब यूपी सरकार ने भी उसी तर्ज पर यह राहत दी है।















Leave a Reply