बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच रोहतास जिले के सासाराम में बुधवार रात बड़ा हंगामा हो गया। मतगणना स्थल पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एक ट्रक अचानक स्ट्रांग रूम के भीतर जा घुसा। ट्रक को अंदर जाते देख प्रत्याशियों के समर्थक भड़क उठे और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी करने लगे। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही डीएम उदिता सिंह और एसपी रौशन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया। ट्रक की जांच में खाली बक्से मिले। अधिकारियों ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है, और किसी भी गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, पुलिस ने लाठीचार्ज के आरोपों को पूरी तरह नकार दिया है।
घटना के बाद अफवाह फैली कि ईवीएम बदली जा रही है, जिसके चलते सात विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी और उनके समर्थक रातभर स्ट्रांग रूम के बाहर डटे रहे। कांग्रेस प्रत्याशी संतोष मिश्रा, निर्दलीय ज्योति सिंह, और आरजेडी के सतेंद्र शाह ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि स्ट्रांग रूम पूरी तरह सुरक्षित है और मतगणना की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से कराई जाएगी।















Leave a Reply