khabarhunt.in

खबर का शिकार

शालीमार बाग सीएम रेखा गुप्ता के दिल के करीब

DELHI: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा में हॉटलाइन मेंटेनेंस वाहन का उद्घाटन किया। इस वाहन के ज़रिये बिना बिजली बाधित किए तारों की मरम्मत हो सकेगी। इस मशीन पर लगभग 1.5 करोड़ रुपये का खर्च आया है और ऐसी और गाड़ियां लाने की योजना है।

“यह विधानसभा मेरे दिल का टुकड़ा”

सीएम रेखा ने कहा कि शालीमार बाग उनके दिल के क़रीब है, जिसे उन्होंने तीन साल खून–पसीने से सींचा है। उन्होंने बताया कि आगे की ज़िम्मेदारी सांसद को दी जाएगी, क्योंकि हर जगह वह खुद उद्घाटन करने नहीं पहुंच सकतीं। उन्होंने हंसी में जोड़ा कि अगर यह जिम्मेदारी पति को देतीं तो लोग सवाल उठाते।

मुनक नहर पर नया छठ घाट

सीएम ने ऐलान किया कि मुनक नहर पर लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से नया छठ घाट बनाया जाएगा। पहले दिल्ली सरकार हरियाणा सरकार को मेंटेनेंस के नाम पर पैसा देती थी, अब दिल्ली सरकार खुद इस नहर की सफाई और बैरिकेडिंग करेगी ताकि छठ पूजा के लिए इसे तैयार किया जा सके।

लाइटिंग, सड़क और अन्य योजनाएं

सीएम ने बताया कि शालीमार बाग में ज़रूरत के मुताबिक नई लाइटें लगाई गईं, जिनकी लागत 94 लाख रुपये रही। यहाँ सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है, जिससे इसे रिंग रोड से जोड़ा जाएगा।
गुरु गोविंद सिंह कॉलेज के पास कब्ज़ा हटाकर 12 करोड़ रुपये से सड़क को फिर से दुरुस्त किया जाएगा।
हैदरपुर में नया और बड़ा 12वीं तक का स्कूल और एक कम्युनिटी हॉल बनाया जाएगा।

बिजली मंत्री ने बताई नई तकनीक की अहमियत

बिजली मंत्री आशीष सूद ने कहा कि पानी, सीवर, सड़क जैसी बुनियादी ज़रूरतें सरकार की प्राथमिकता हैं। उन्होंने बताया कि पहले बिजली के तारों की मरम्मत के लिए दो घंटे की कटौती करनी पड़ती थी, लेकिन अब हॉटलाइन मेंटेनेंस व्हीकल की मदद से बिना लाइट जाए मरम्मत हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *