राजस्व संग्रह बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राजस्व संग्रह में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से संवाद स्थापित कर टीम भावना के साथ तय लक्ष्यों को प्राप्त करें। 2025-26 के लिए 1.75 लाख करोड़ रुपये के राजस्व संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जीएसटी पंजीकरण में वृद्धि

सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों की संख्या देश में सर्वाधिक है। 2023-24 में 17.2 लाख पंजीकृत व्यापारी थे, जो अब बढ़कर 19.9 लाख हो चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंजीकरण आधार को और बढ़ाने के प्रयास किए जाएं और व्यापारियों से निरंतर संवाद बना रहे।
अधिकारियों की ग्रेडिंग के आधार पर होगा प्रमोशन
मुख्यमंत्री ने वाणिज्य कर अधिकारी से लेकर ज्वाइंट कमिश्नर स्तर तक के अधिकारियों के कार्य एवं संग्रह की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर उनकी ग्रेडिंग की जाए और उसी के अनुरूप प्रमोशन व पोस्टिंग की जाए। साथ ही, राजस्व चोरी रोकने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम और एसओपी तैयार करने के निर्देश भी दिए।
व्यापारियों को दुर्घटना बीमा का लाभ
सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दुर्घटना के कारण होने वाली मृत्यु या स्थायी अपंगता की स्थिति में 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। पात्र व्यापारियों/परिजनों को इस योजना का लाभ संवेदनशीलता के साथ दिलाया जाए।
अधिक टैक्स देने वालों को किया जाएगा सम्मानित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व चोरी राष्ट्रीय क्षति है। इसे रोकने के लिए सर्वे और छापेमारी टीम में दक्ष अधिकारियों को शामिल किया जाए और गोपनीयता बनाए रखी जाए। साथ ही, सर्वाधिक टैक्स देने वाले व्यापारियों को सम्मानित किया जाए। यह कार्यक्रम प्रदेश, जोन, मंडल और जनपद स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, विभाग में पर्याप्त मैनपॉवर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।















Leave a Reply