khabarhunt.in

खबर का शिकार

विरोधियों ने महाकुंभ में खामियां खोजने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे – CM Yogi

यूपी में पर्यटन के साथ सुधरेगी अर्थव्यवस्था, बढ़ेंगे रोजी-रोजगार के अवसर

महाकुंभ की सफलता पर सीएम योगी का विपक्ष पर वार

महाकुंभ के ऐतिहासिक आयोजन से उत्साहित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दुनिया में इतने बड़े स्तर का आयोजन कहीं नहीं हुआ, लेकिन विरोधियों ने इसे बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, लेकिन कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। इसके बावजूद विपक्ष ने दूरबीन और माइक्रोस्कोप से खामियां ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं मिला।

स्वच्छताकर्मियों को वेतन और बोनस

सीएम योगी ने स्वच्छता और स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में घोषणा की कि स्वच्छताकर्मियों को हर महीने 16,000 रुपये वेतन मिलेगा, साथ ही 10,000 रुपये का बोनस भी दिया जाएगा। इसके लिए एक कॉरपोरेशन बनाया जाएगा, जो अप्रैल से वेतन भुगतान सुनिश्चित करेगा। स्वास्थ्य और सफाईकर्मियों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा भी मिलेगा।

नाव चालकों के लिए बीमा और सहायता

महाकुंभ के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज में नाव चालकों से बातचीत की और घोषणा की कि हर रजिस्टर्ड नाव चालक को 5 लाख रुपये का बीमा मिलेगा। साथ ही नाव खरीदने के लिए आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। जिनके पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर किया जाएगा।

दुष्प्रचार और साजिशों को जनता ने नकारा

सीएम योगी ने मौनी अमावस्या के दौरान भगदड़ की घटना पर विपक्ष के रवैये की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने काहिरा और काठमांडू की तस्वीरें दिखाकर प्रयागराज को बदनाम करने की साजिश रची, लेकिन जनता ने इन अफवाहों को पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा का जिक्र करते हुए कहा कि महाकुंभ में स्वच्छता और सुरक्षा की मिसाल कायम हुई है।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नए सर्किट

सीएम योगी ने बताया कि यूपी में कई धार्मिक सर्किट बनाए गए हैं, जिनमें काशी विश्वनाथ-विंध्यवासिनी, अयोध्या-गोरखपुर, प्रयागराज-लखनऊ-नैमिषारण्य, चित्रकूट और वृंदावन सर्किट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *