पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदान जारी है। गुरुवार को सुबह 11 बजे तक राज्य में कुल 27.65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहले चरण में कुल 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और निर्वाचन आयोग पूरी तरह सतर्क है।
बेगूसराय में सबसे अधिक वोटिंग, पटना में सबसे कम
अब तक के आंकड़ों के अनुसार बेगूसराय जिले में सबसे अधिक 30.37% मतदान दर्ज किया गया है। इसके बाद लखीसराय में 30.32% और गोपालगंज में 30.04% वोटिंग हुई। वहीं, पटना में सबसे कम 23.71% मतदान दर्ज किया गया है।
फारबिसगंज में गरजे प्रधानमंत्री मोदी
वोटिंग के बीच फारबिसगंज में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि “बिहार में फिर एक बार NDA की सरकार बनने जा रही है।” पीएम मोदी ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की और कहा कि “हर वोट बिहार के उज्जवल भविष्य के लिए है।”
मुख्य सचिव ने भी डाला वोट, की अपील
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी आज मतदान किया। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की और कहा कि “वोट का दिन लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा दिन होता है।”
निर्वाचन आयोग कर रहा लाइव निगरानी
इस बार राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी स्वयं निर्वाचन सदन स्थित नियंत्रण कक्ष में बैठकर ‘लाइव फीड’ के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। पहले चरण में अब तक मतदान शांतिपूर्ण रहा है। शाम तक मतदान प्रतिशत और बढ़ने की उम्मीद है। बिहार के मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।
















Leave a Reply