khabarhunt.in

खबर का शिकार

बिहार चुनाव 2025: दो चरणों में वोटिंग, 14 नवंबर को आएंगे नतीजे

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि राज्य में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों पर मतदान होना है। पहले चरण में 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि शेष 122 सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होगा। जिन सीटों पर पहले चरण में चुनाव होंगे, उन्हें चुनाव आयोग ने मैप पर पीले रंग से और दूसरे चरण की सीटों को गुलाबी रंग से चिन्हित किया है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 30 सितंबर को मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। अगर किसी का नाम छूट गया है या कोई त्रुटि है, तो नामांकन की अंतिम तिथि से दस दिन पहले तक सुधार कराया जा सकता है।

7.43 करोड़ से अधिक मतदाता
चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार बिहार में कुल 7.43 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 3.92 करोड़ पुरुष, 3.50 करोड़ महिलाएँ और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 14.01 लाख युवा पहली बार वोट डालेंगे।

बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को पूरा हो रहा है। ऐसे में आचार संहिता लागू होने के साथ ही राज्य की सियासत में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *