khabarhunt.in

खबर का शिकार

बस स्टैंड संगरूर में प्रदर्शन हिंसक, पुलिस ने इरादा-ए-कत्ल समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया

पंजाब में रोडवेज, पनबस और PRTC कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स की हड़ताल के बीच संगरूर में शुक्रवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बस स्टैंड पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और यूनियन सदस्यों के बीच झड़प इतनी बढ़ गई कि प्रदर्शनकारियों पर एक SHO को पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगा है।

धूरी थाने के SHO इंस्पेक्टर जसवीर सिंह पर पेट्रोल फेंककर आग लगाने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने यूनियन से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी पर इरादा-ए-कत्ल (हत्या के प्रयास), सरकारी ड्यूटी में बाधा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

घटना कैसे हुई?

सुबह करीब 8:30 बजे यूनियन के सदस्यों ने संगरूर बस स्टैंड के अंदर खड़ी सरकारी बसों को सड़क पर लाकर रोक दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने।

इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल की बोतलें निकालकर खुद पर छिड़कना शुरू कर दिया और आत्मदाह की धमकी देकर धरना बैठ गए। कुछ सदस्य बस की छत पर चढ़कर सरकारी संपत्ति पर पेट्रोल डालने लगे।

पुलिस जब उन्हें नीचे उतारने लगी, तभी हालात अचानक बिगड़ गए। आरोप है कि यूनियन नेता सुखजिंदर सिंह ने SHO जसवीर सिंह पर पेट्रोल फेंककर आग लगा दी, जिससे उनकी वर्दी, पगड़ी और कपड़े जल गए। साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत आग बुझाई और SHO को घायल अवस्था में संगरूर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

किन पर केस दर्ज हुआ?

इन 10 यूनियन सदस्यों पर केस दर्ज किया गया है:

सुखजिंदर सिंह (सचिव)

रमनदीप सिंह उर्फ रमणा (उपप्रधान)

गुरजीत सिंह उर्फ हैप्पी (सहायक सचिव)

रूपिंदर सिंह उर्फ फौजी (उपप्रधान)

मनप्रीत सिंह (जिला प्रधान)

डिंपल कुमार

जोरा सिंह

गुरजीत सिंह उर्फ विक्की

गुरप्रीत सिंह

मनजीत सिंह

सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *