khabarhunt.in

खबर का शिकार

पूर्णिया के मजगामा हाट में मूर्ति तोड़फोड़ से भड़का बवाल, पुलिस ने लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग कर संभाला हालात

बिहार के पूर्णिया ज़िले के मजगामा हाट इलाक़े में शुक्रवार को माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। मां दुर्गा की एक निर्माणाधीन मूर्ति को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद स्थानीय लोग भड़क गए और सड़क पर उतरकर विरोध करने लगे। गुस्साई भीड़ ने आगजनी की और कई दुकानों में तोड़फोड़ भी की।

इस दौरान लोगों ने तोड़फोड़ के शक में एक मुस्लिम युवक को पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और रस्सी से बांध दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ आरोपी को सौंपने को तैयार नहीं थी। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को लाठीचार्ज और 3-4 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

तनाव को देखते हुए आसपास के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। शुरुआती पूछताछ में युवक ने मूर्ति तोड़ने की बात स्वीकार की, लेकिन वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। आरोपी इसी गांव का रहने वाला बताया गया है।

गांव के मुखिया अबू जागीर ने घटना पर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा कि मजगामा हमेशा सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक रहा है और इस तरह की घटनाएं दुखद हैं। उन्होंने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की। फिलहाल पुलिस हालात पर लगातार नज़र रखे हुए है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *