पटियाला। थाना थर्मल पुलिस ने दिवाली से पहले की गई सघन गश्त के दौरान एक जवान को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने झील नंबर एक के पास से आरोपी को दबोचा, जिसके पास से लगभग आधा किलो अफीम बरामद की गई।
सहायक थानेदार गुरमेल सिंह ने बताया कि उनकी टीम दिवाली पर्व को देखते हुए इलाके में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस पार्टी ने झील नंबर एक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पैदल जाते हुए देखा। शक होने पर जब उसे रोककर तलाशी ली गई, तो उसके पास से अफीम बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह, निवासी द्वारकपुर (जिला पटियाला) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मनप्रीत सिंह पहले पैरा मिलिट्री फोर्स में नागालैंड में तैनात था, लेकिन पिछले एक वर्ष से वह ड्यूटी पर नहीं गया था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ समय से स्थानीय लोगों को अफीम की सप्लाई करता था, हालांकि उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सहायक थानेदार गुरमेल सिंह ने कहा कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे का यह सामान कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
















Leave a Reply