पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस सोनिया मान ने अब राजनीति में कदम रख लिया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन्हें सदस्यता दिलाते हुए AAP में उनका स्वागत किया। सोनिया मान किसान मजदूर यूनियन के नेता बलदेव सिंह की बेटी हैं।
इस खास मौके पर सोनिया मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा, “आज मैं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से जुड़कर बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं पंजाब और यहां के लोगों की भलाई और तरक्की के लिए पूरी मेहनत से काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
सोनिया मान ने थामा AAP का हाथ
AAP की पंजाब इकाई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि कीर्ति किसान यूनियन के नेता बलदेव सिंह की बेटी और पंजाबी अभिनेत्री सोनिया मान आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई हैं। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ली और पार्टी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पंजाब पर AAP की खास नजर
दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी का पूरा फोकस अब पंजाब पर है। वर्तमान में देश में AAP की सरकार केवल पंजाब में ही बची है, और पार्टी वहां अपनी पकड़ को और मजबूत करने में जुटी हुई है। पंजाब में आगामी दो वर्षों में चुनाव होने हैं, इसलिए पार्टी की पूरी रणनीति अब इसी राज्य को केंद्र में रखकर बनाई जा रही है।
दिल्ली चुनाव में हार के बाद अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री, विधायकों और सांसदों को दिल्ली बुलाकर एक अहम बैठक की थी। इस बैठक में पार्टी की आगे की योजनाओं पर चर्चा की गई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि AAP पंजाब में अपनी सरकार को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।
कौन हैं सोनिया मान?

सोनिया मान एक प्रसिद्ध अभिनेत्री और मॉडल हैं, जिनकी उम्र 38 वर्ष है। उन्होंने पंजाबी फिल्मों के अलावा मलयालम, हिंदी, मराठी और तेलुगू इंडस्ट्री में भी काम किया है। उनका जन्म उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुआ था, लेकिन पढ़ाई के लिए वह अमृतसर आ गईं। अमृतसर के डीवीए कॉलेज से उन्होंने अपनी शिक्षा पूरी की।
अब तक सोनिया मान 10 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं और 5 म्यूजिक वीडियोज़ में भी नजर आई हैं। वह पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला और जस्सी गिल के म्यूजिक वीडियोज़ में भी काम कर चुकी हैं। अब, राजनीति में कदम रखते हुए, उन्होंने आम आदमी पार्टी से जुड़कर एक नई शुरुआत की है।
Leave a Reply