
अल्मोड़ा जिले के धौलछीना-दियारी मोटर मार्ग पर गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बैक करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दियारी निवासी महेंद्र सिंह अपनी मैक्स (UK01 TA 1185) लेकर अल्मोड़ा से घर लौटा था। रात करीब 8:30 बजे जब वह घर के पास वाहन बैक कर रहा था, तभी तीखी ढलान पर गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
युवक की मौके पर मौत, चालक घायल
गाड़ी में सवार दियारी गांव निवासी मोहित सिंह (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चालक महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर उसे धौलछीना अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।
गांव में मातम
मोहित कुछ महीने पहले ही चचेरी बहन की शादी में शामिल होने दिल्ली से गांव आया था। वह घर पर अपनी मां और दादी (अम्मा) की देखभाल के लिए रुका हुआ था। उसके पिता दिल्ली में नौकरी करते हैं, जबकि छोटा भाई हाल ही में अग्निवीर में भर्ती हुआ है। अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस कार्रवाई
शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेज दिया। हादसे की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया।















Leave a Reply