khabarhunt.in

खबर का शिकार

धीरेंद्र शास्त्री संग अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव चढ़ाएंगे बांकेबिहारी को ध्वजा, वृंदावन में होगा भव्य आयोजन

मथुरा: बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन जोड़ो पदयात्रा’ का आगाज दिल्ली से हो चुका है। यह यात्रा अब ब्रजभूमि की ओर बढ़ रही है, जहां इसका भव्य स्वागत होने जा रहा है। यात्रा के अंतिम दिन, 16 नवंबर को धीरेंद्र शास्त्री अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव के साथ श्री बांकेबिहारी मंदिर, वृंदावन में दर्शन कर भगवान को ध्वजा अर्पित करेंगे।

इस अवसर पर अयोध्या, दिल्ली, चित्रकूट और ब्रज क्षेत्र के कई प्रमुख संत भी शामिल रहेंगे। वृंदावन के संत आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने बताया कि यह यात्रा सनातन धर्म की एकता और जागृति का प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में निकली यह पदयात्रा एक ऐसी आध्यात्मिक लहर पैदा करेगी जिसे रोकना असंभव होगा।

वृंदावन में रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान

वृंदावन में इस आयोजन को लेकर प्रशासन ने कड़े सुरक्षा और ट्रैफिक इंतजाम किए हैं। रविवार को होने वाले इस कार्यक्रम में भीड़ की संभावना को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे से लेकर बांकेबिहारी मंदिर तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था बनाई गई है। कई थानों का पुलिस बल तैनात किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सीमित लोगों को प्रवेश की अनुमति

चूंकि रविवार को मंदिर में पहले से ही भारी भीड़ रहती है, इसलिए प्रशासन ने केवल 500 प्रमुख श्रद्धालुओं को ही छटीकरा से मंदिर तक प्रवेश की अनुमति दी है। बाकी श्रद्धालु बाहर से ही दर्शन कर सकेंगे। धीरेंद्र शास्त्री की यह यात्रा न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सनातन संस्कृति, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *