मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्लीवासियों को भरोसा दिलाया कि इस बार दीपावली पर राजधानी पूरी तरह जगमगाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और हर विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि त्योहार के दिन साफ-सुथरी, सुरक्षित और रोशन दिल्ली नजर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली उजाले और खुशियों का पर्व है, और सरकार का लक्ष्य है कि इस साल यह त्योहार पर्यावरण के अनुकूल और उल्लासपूर्ण तरीके से मनाया जाए। उन्होंने जनता से अपील की कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें,सफाई में प्रशासन का साथ दें, और दिल्ली को प्रदूषण-मुक्त दीपावली मनाने में सहयोग करें।
रेखा गुप्ता ने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा को सभी तैयारियों की निगरानी करने और व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़े पैमाने पर सार्वजनिक आयोजन और सामुदायिक कार्यक्रम होंगे, इसलिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है ताकि नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
मुख्य सचिव ने स्थानीय निकायों,विद्युत विभाग और पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में सभी सड़कों, बाजारों, कॉलोनियों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की स्ट्रीट लाइटों की जांच करें, और जो लाइटें खराब हैं, उन्हें तुरंत ठीक करवाएं।
इसके अलावा, ट्रैफिक पुलिस के विशेष आयुक्त को आदेश दिया गया है कि बाजारों और मुख्य सड़कों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को परेशानी न हो। साथ ही एक प्रभावी यातायात योजना लागू की जाएगी ताकि त्योहार के दौरान वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।
एमसीडी और एनडीएमसी को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करें, ताकि राजधानी की गलियां और बाजार दीपावली की रात रोशनी और स्वच्छता से दमकते नजर आएं। सरकार का स्पष्ट संदेश है — इस बार दिल्ली की दीपावली सिर्फ रोशनी की नहीं, बल्कि सफाई, स्वदेशी और सहभागिता की दीपावली होगी।












Leave a Reply