नई दिल्ली: राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की कि अगले महीने तक दिल्ली में 187 नए ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ शुरू कर दिए जाएंगे। फिलहाल 168 केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, और दिसंबर में सभी केंद्रों का एक साथ उद्घाटन करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आरोग्य मंदिर “टाइम टू केयर” के सिद्धांत और सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (UHC) के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम हैं। उन्होंने बताया कि अब सरकार अपने स्वास्थ्य केंद्र किराये की जगहों पर नहीं चलाएगी, क्योंकि दिल्ली में अब इन केंद्रों के लिए पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है।
घर के पास ही मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार की कोशिश है कि नागरिकों को उनके घर के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, ताकि उन्हें बड़े अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। इन आरोग्य मंदिरों में नियमित जांच, टीकाकरण, दवाएं, और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि यह पहल आयुष्मान भारत कार्यक्रम के तहत लागू की जा रही है, जिसमें सब-हेल्थ सेंटर, प्राइमरी हेल्थ सेंटर और अर्बन हेल्थ सेंटरों को आधुनिक आरोग्य मंदिरों के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे रेफरल सिस्टम में कमी आएगी और समय पर इलाज सुनिश्चित होगा।












Leave a Reply