khabarhunt.in

खबर का शिकार

दिल्ली-एनसीआर बना ‘गैस चैंबर’: दिवाली के बाद हवा में जहर, AQI 400 के पार पहुंचा

दिवाली के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर की हवा फिर से जहरीली हो गई है। रविवार सुबह से ही आसमान में घनी धुंध और कोहरे की परत छाई हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 377 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।

कई इलाकों में हालात और भी बदतर हैं —

* एम्स क्षेत्र में AQI 421,
* वजीरपुर में 432,
* चांदनी चौक में 414,
— ये सभी ‘गंभीर (Severe)’ श्रेणी में हैं।

वहीं, आनंद विहार में AQI 392,नोएडा में 292,गाजियाबाद में 298 और गुरुग्राम में 276 रिकॉर्ड किया गया, जो ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी के बीच है।

आईक्यूएयर (IQAir) की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात दिल्ली का AQI 491 तक पहुंच गया, जिससे यह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में पहले स्थान पर रहा।

लगातार बढ़ते स्मॉग और प्रदूषण की वजह से दृश्यता में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग एयरपोर्ट पर दृश्यता घटकर 900 मीटर और आईजीआई एयरपोर्ट पर 1300 मीटर तक रह गई। हवा की रफ्तार 4 किमी प्रति घंटा से भी कम रही और कई बार हवा बिल्कुल शांत हो गई — जिससे प्रदूषण और ज्यादा घना हो गया। विशेषज्ञों का कहना है कि पराली जलाने, दिवाली के पटाखों और ठंडी होती हवा की वजह से प्रदूषण का स्तर आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *