राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुए दिल दहला देने वाले सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ा कदम उठाया है। हरमाड़ा इलाके में नशे में धुत एक डंपर ड्राइवर ने सड़क पर कई लोगों को कुचल दिया, जिससे 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण घटना में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
हादसे के तुरंत बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थिति की गंभीरता देखते हुए पांच मंत्रियों और कई विधायकों को मौके पर भेजा। संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल दोनों जगह जाकर स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद सीएम ने देर शाम मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें परिवहन, गृह, पुलिस, चिकित्सा, एनएचएआई, जेडीए और नगरीय विकास विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए कि शराब पीकर या ओवर स्पीड में वाहन चलाने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस तुरंत रद्द किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें।
सीएम ने सभी जिला कलेक्टरों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण की रणनीति बनाने को कहा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद 4 नवंबर से परिवहन विभाग और पुलिस ने 15 दिन का विशेष सड़क सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया है, जिसमें नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।












Leave a Reply