
केंद्र सरकार ने बुधवार को कई अहम निर्णय लिए। रेलवे कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफ़ा देते हुए 1,866 करोड़ रुपये के उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) को मंज़ूरी दी गई है। इससे लगभग 10.90 लाख पात्र कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। यह बोनस 78 दिनों के वेतन के बराबर है।
हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले रेल कर्मचारियों को यह बोनस मिलता है। पिछले साल भी मोदी सरकार ने 2,029 करोड़ रुपये का बोनस जारी किया था, जिससे 11.72 लाख कर्मचारियों को लाभ हुआ था। इस बार अधिकतम देय राशि 17,951 रुपये तय की गई है। यह रकम ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, तकनीशियन, तकनीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालयिक स्टाफ और अन्य ग्रुप-‘C’ कर्मचारियों को दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में रेलवे का प्रदर्शन रिकॉर्ड स्तर पर रहा। इस दौरान रेलवे ने 1614.90 मिलियन टन माल ढुलाई और 7.3 बिलियन यात्रियों की आवाजाही सुनिश्चित की।
इसके अलावा, बिहार और झारखंड में रेल नेटवर्क मजबूत करने के लिए भी बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी मिली। बिहार के बख्तियारपुर–राजगीर और झारखंड के तिलैया के बीच 104 किलोमीटर लंबी रेल लाइन दोहरीकरण योजना को मंजूरी दी गई, जिस पर 2,192 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कुल मिलाकर बिहार के लिए लगभग ₹6,000 करोड़ की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।













Leave a Reply