khabarhunt.in

खबर का शिकार

कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी: गुरु तेग बहादुर की 350वीं शहादत पर नमन, ‘महाभारत अनुभव केंद्र’ का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहाँ उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के पावन समागम और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में भाग लिया। उनके स्वागत के लिए भव्य तैयारियाँ की गईं थीं। पीएम मोदी ने गुरु तेग बहादुर जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शीश नवाया।

मंच पर भावपूर्ण गुरबाणी का आयोजन हुआ, जिसमें रागियों ने गुरु महाराज के त्याग, बलिदान और मानवीय मूल्यों पर आधारित कीर्तन प्रस्तुत किए। हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु जी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी की सर्वोच्च बलिदानी परंपरा को नमन करते हुए देशवासियों को उनकी शिक्षाओं पर चलने का संदेश दिया।

इसके बाद पीएम मोदी ने गुरु तेग बहादुर जी के जीवन और पराक्रम पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे।

यही नहीं, प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र के महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा किया—एक इमर्सिव केंद्र जहाँ महाकाव्य महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को आधुनिक इंस्टॉलेशन और डिजिटल अनुभवों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

कुरुक्षेत्र पहुँचने पर पीएम मोदी ने भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में नव-निर्मित ‘पंचजन्य’ स्मारक का भी उद्घाटन किया।

यह उनका कुरुक्षेत्र का ऐतिहासिक दौरा माना जा रहा है। इससे पहले वे 2014, 2019 और 2024 में भी धार्मिक, सांस्कृतिक और चुनावी अभियानों के दौरान यहां पहुंचे थे। प्रधानमंत्री ने पहले कार्यकाल में ही कुरुक्षेत्र को कृष्णा सर्किट में शामिल करवाया था जिसके तहत केडीबी को 500 करोड़ का बजट मिला था।

अब प्रधानमंत्री ने 204 करोड़ रुपये के महाभारत अनुभव केंद्र और 2 करोड़ रुपये की लागत से बने पंचजन्य स्मारक का लोकार्पण किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *